न्यूयॉर्क, 20 अक्टूबर (भाषा) संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) के निदेशक काश पटेल और रिपब्लिकन पार्टी के नेता तथा ओहियो के गवर्नर पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी समेत कई प्रमुख भारतीय-अमेरिकियों ने सोमवार को दिवाली पर शुभकामनाएं दीं।
पटेल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘दिवाली की शुभकामनाएं। दुनिया भर में रोशनी के त्योहार का जश्न मनाया जा रहा है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।”
वह इस वर्ष की शुरुआत में संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बने।
रामास्वामी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘दीपावली की शुभकामनाएं! अंधकार पर प्रकाश की विजय हो।’
न्यूयॉर्क शहर के प्रमुख मेयर पद के उम्मीदवार और फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे ज़ोहरान ममदानी ने भी ‘एक्स’ पर दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, “शुभ दीपावली! सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे शहर भर में, परिवार दीये जलाकर अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का जश्न मना रहे हैं। आज रात न्यूयॉर्क उन लोगों की वजह से ज़्यादा चमक रहा है जो अपनी रोशनी और परंपराओं को घर लेकर आए हैं।”
इसके अलावा, टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने ‘गवर्नर मैनशन’ में दिवाली समारोह का आयोजन किया। इसका आयोजन हर साल होता है, जहां इस त्योहार को मनाने के लिए भारतीय-अमेरिकी समुदाय एक साथ आता है।
रविवार के समारोह में ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत डी. सी. मंजूनाथ, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रमुख सदस्य और निर्वाचित अधिकारी शामिल हुए।
भाषा नोमान सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
