नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) सीमेंट विनिर्माता अल्ट्राटेक सीमेंट ने शनिवार को 10,255 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की, जिससे इस क्षेत्र में उसकी उत्पादन क्षमता 2.28 करोड़ टन सालाना बढ़ जाएगी।
आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि उसके बोर्ड ने शनिवार को हुई बैठक में क्षमता बढ़ाने के लिए पूंजीगत व्यय को मंजूरी दी।
अल्ट्राटेक सीमेंट ने पिछले साल दिसंबर में दक्षिण भारत की कंपनी इंडिया सीमेंट का अधिग्रहण किया था। इंडिया सीमेंट ने शुक्रवार को 28 लाख टन क्षमता वृद्धि के लिए 440 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी।
अल्ट्राटेक सीमेंट ने कहा कि वित्त वर्ष 2027-28 से चरणबद्ध तरीके से निवेश शुरू होगा और कंपनी को उम्मीद है कि इस पूंजीगत व्यय के पूरा होने के साथ उसकी सीमेंट क्षमता बढ़कर 24.07 करोड़ टन प्रति वर्ष तक हो जाएगी। कंपनी की मौजूदा क्षमता 19.22 करोड़ टन सालाना है।
आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, ”यह ताजा क्षमता विस्तार पिछले पांच वर्षों में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के बाद हो रहा है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था में लगातार भरोसे का पता चलता है।”
उन्होंने कहा कि इससे औद्योगिक संबंध मजबूत होते हैं और स्थायी रोजगार का सृजन होता है।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
