नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) बुनियादी ढांचा कंपनी गणेश इन्फ्रावर्ल्ड दिसंबर 2025 से जम्मू-कश्मीर में 105.77 करोड़ रुपये की दो जल एवं सीवेज शोधन परियोजनाओं पर काम शुरू करेगी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक विभोर अग्रवाल ने कहा कि ये परियोजनाएं केंद्र शासित प्रदेश में जल प्रबंधन एवं सीवेज अवसंरचना के आधुनिकीकरण के लिए सरकार के प्रयास का हिस्सा हैं। विशेष रूप से श्रीनगर-बडगाम क्षेत्र में, जहां तेजी से शहरी विस्तार और स्थानीय जल निकायों में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।
अग्रवाल ने कहा, ‘‘ हम कुछ स्वीकृतियों का इंतजार कर रहे हैं जो किसी भी समय मिल सकती हैं। इस साल दिसंबर से दो जल और सीवेज शोधन परियोजनाओं पर काम शुरू करने की उम्मीद है।’’
इन दो परियोजनाओं में बाघी-मेहताब से अलोची बाग तक शोधन सुविधाओं का निर्माण शामिल है, जिसकी लागत 44.07 करोड़ रुपये है। इसके अलावा चडूरा और बाघी-मेहताब के बीच 61.70 करोड़ रुपये की लागत से शोधन सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा।
कोलकाता स्थित गणेश इन्फ्रावर्ल्ड सिविल एवं इलेक्ट्रिकल, सड़क व रेल और जल अवसंरचना में विशेषज्ञता रखती है।
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
