(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 16 अक्टूबर (भाषा) जितेंद्र प्रसाद सोनल ने बृहस्पतिवार को नेपाल के मधेश प्रांत के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी (एलएसपी) के नेता सोनल को प्रांतीय विधानसभा के कुल 107 सदस्यों में से 56 ने समर्थन दिया और उन्हें बुधवार को मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।
जनकपुरधाम स्थित प्रांतीय प्रमुख कार्यालय में आयोजित समारोह में प्रांत प्रमुख सुमित्रा सुबेदी भंडारी ने सोनल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसी तरह मधेश प्रांत सरकार के दो नवनियुक्त मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
जनमत पार्टी के संसदीय दल के नेता महेश प्रसाद यादव और नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (एकीकृत समाजवादी) के मुख्य सचेतक कनीश पटेल ने मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली है, लेकिन अभी उन्हें कोई विभाग नहीं मिला है।
प्रांत प्रमुख भंडारी ने पांच दलों के 56 प्रांतीय विधानसभा सदस्यों के समर्थन से सोनल को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था।
नयी सरकार का गठन जनता समाजवादी पार्टी नेपाल, जनमत पार्टी, सीपीएन (माओवादी सेंटर) और सीपीएन (एकीकृत समाजवादी) के समर्थन से हुआ।
भाषा
शुभम माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
