scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमविदेशहेनले पासपोर्ट सूचकांक में भारत 85वें स्थान पर, 57 देशों में वीज़ा-मुक्त प्रवेश की मिलती है सुविधा

हेनले पासपोर्ट सूचकांक में भारत 85वें स्थान पर, 57 देशों में वीज़ा-मुक्त प्रवेश की मिलती है सुविधा

Text Size:

सिंगापुर, 15 अक्टूबर (भाषा) वर्ष 2025 के हेनले पासपोर्ट सूचकांक में भारत 85वें स्थान पर आ गया है। भारतीय पासपोर्ट धारकों को 57 देशों में वीज़ा-मुक्त यात्रा की सुविधा मिलती है।

पिछले साल, भारत का पासपोर्ट 62 गंतव्यों के लिए वीज़ा-मुक्त यात्रा की सुविधा के साथ इस सूची में 80वें स्थान पर था।

सिंगापुर का पासपोर्ट सबसे शक्तिशाली बना हुआ है जिससे 193 देशों में वीज़ा-मुक्त पहुंच मिलती है। दक्षिण कोरिया इस साल दूसरे स्थान पर है जिसके पासपोर्ट से 190 देशों में वीज़ा-मुक्त यात्रा की सुविधा मिलती है। जापान तीसरे स्थान पर है जिसके पासपोर्ट से 189 गंतव्यों के लिए वीजा मुक्त यात्रा की सुविधा है।

जर्मनी, इटली, लक्जमबर्ग, स्पेन और स्विट्जरलैंड 188 देशों में वीजा-मुक्त पहुंच देने के साथ चौथे स्थान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, आयरलैंड और नीदरलैंड 187 देशों में बिना वीजा के यात्रा की अनुमति देते हुए पांचवें स्थान पर हैं। हंगरी, न्यूज़ीलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल और स्वीडन 186 देशों में वीज़ा-मुक्त पहुंच सुविधा देने के साथ छठे स्थान पर हैं।

अमेरिका मलेशिया के साथ 12वें स्थान पर है जिनके पासपोर्ट से 180 देशों में वीज़ा-मुक्त पहुंच की सुविधा मिलती है। यह पहली बार है जब अमेरिका इस सूचकांक में शीर्ष 10 से बाहर हुआ है।

पिछले वर्ष, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और सिंगापुर 194 वीजा-मुक्त गंतव्यों के साथ शीर्ष स्थान पर थे, जबकि अमेरिका 188 देशों में वीजा-मुक्त पहुंच के साथ सातवें स्थान पर था।

वर्ष 2025 की सूची में, भारत मॉरिटानिया के साथ 85वें स्थान पर है। अंगोला, बारबाडोस, भूटान, बोलीविया, ब्रिटिश वर्जिन द्वीप समूह, बुरुंडी, कंबोडिया, इंडोनेशिया, ईरान, जमैका, कजाकिस्तान, केन्या, मलेशिया, मालदीव, फिलीपीन, श्रीलंका और थाईलैंड कुछ ऐसे देश हैं जहां भारतीय पासपोर्ट धारकों को वीज़ा की आवश्यकता नहीं होती है।

भारत के पड़ोसी देशों में, पाकिस्तान 103वें स्थान पर, बांग्लादेश 100वें स्थान पर, नेपाल 101वें स्थान पर और भूटान 92वें स्थान पर है। श्रीलंका 98वें स्थान पर है।

दुनिया में सबसे कमजोर पासपोर्ट के मामले में अफगानिस्तान का स्थान है, जिसे केवल 24 देशों तक वीज़ा-मुक्त पहुंच है। इसके बाद सीरिया और इराक का स्थान है, जहां क्रमशः 26 और 29 वीज़ा-मुक्त गंतव्य हैं।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments