scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएयर इंडिया की अनुषंगी को छह बोइंग विमानों के लिए मिला 21.5 करोड़ डॉलर का ऋण

एयर इंडिया की अनुषंगी को छह बोइंग विमानों के लिए मिला 21.5 करोड़ डॉलर का ऋण

Text Size:

मुंबई, 15 अक्टूबर (भाषा) स्टैंडर्ड चार्टर्ड और बैंक ऑफ इंडिया ने बुधवार को गुजरात गिफ्ट सिटी स्थित एयर इंडिया की अनुषंगी कंपनी एआई फ्लीट सर्विसेज आईएफएससी लिमिटेड (एआईएफएस) को 21.5 करोड़ डॉलर का ऋण देने की घोषणा की।

एक बयान में कहा गया है कि इस ऋण का उपयोग छह बोइंग 777-300 ईआर विमानों को लेने के लिए किया जाएगा। इन विमानों को आगे चलकर एयर इंडिया को पट्टे पर दिया जाएगा। यह ऋण सात वर्षों में किस्तों के रूप में चुकाया जाएगा।

एआईएफएस, एयर इंडिया की विमानों को पट्टे पर मुहैया कराने वाली अनुषंगी है। एयर इंडिया इस समय अपने विमान बेड़े के आधुनिकीकरण और विस्तार की प्रक्रिया में है।

इस सौदे को तैयार करने में स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक ने प्रमुख भूमिका निभाई है। वहीं, बैंक ऑफ इंडिया और स्टैंडर्ड चार्टर्ड दोनों ने मिलकर इस सौदे को मुख्य व्यवस्थापक और बुकरनर के रूप में पूरा किया।

स्टैंडर्ड चार्टर्ड के वैश्विक प्रमुख (परिवहन वित्त) अभिषेक पांडेय ने कहा, ‘‘यह वित्तपोषण विमानन वित्त क्षेत्र के हमारे अनुभव और भारत के विमानन क्षेत्र की निरंतर वृद्धि में हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

एआईएफएस के चेयरमैन और एयर इंडिया के मुख्य वित्तीय अधिकारी संजय शर्मा ने कहा, ‘एयर इंडिया ने 570 विमानों का ऑर्डर देकर बदलाव की पंचवर्षीय यात्रा शुरू की है और गिफ्ट सिटी इन विमानों के वित्तपोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’

भाषा

योगेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments