scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतभारत, यूरोपीय संघ के बीच व्यापार वार्ता अंतिम चरण में पहुंचीः वाणिज्य सचिव

भारत, यूरोपीय संघ के बीच व्यापार वार्ता अंतिम चरण में पहुंचीः वाणिज्य सचिव

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता अंतिम चरण में पहुंच गई है और इसमें बेहद सकारात्मक प्रगति हो रही है।

अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि दोनों पक्षों के बीच पिछले सप्ताह ब्रसेल्स में 14वें दौर की बातचीत संपन्न हुई। हालांकि, कुछ भारतीय अधिकारी उत्पाद के मूल स्थान संबंधी नियम से जुड़े मसलों को सुलझाने के लिए अभी वहीं रुके हैं।

अग्रवाल ने कहा, “हम बातचीत के अंतिम और सबसे मुश्किल दौर में हैं लेकिन अब तक प्रगति उत्साहजनक रही है। उम्मीद है कि वार्ता दिसंबर तक पूरी हो जाएगी।”

‘मूल स्थान संबंधी नियम’ तय करता है कि एफटीए वाले देश में उत्पाद को ‘मूल वस्तु’ कहलाने के लिए न्यूनतम कितना प्रसंस्कृत होना चाहिए।

वाणिज्य सचिव ने कहा कि इस मुद्दे पर गहन काम जारी है और आगे की वार्ता की तारीखें जल्द तय होंगी।

एफटीए पर वार्ता का दौर अपने अंतिम चरण में प्रवेश करने के बीच यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि अगले महीने भारत का दौरा कर सकते हैं।

भारत और ईयू के बीच यह व्यापक समझौता वस्तुओं, सेवाओं, निवेश, बौद्धिक संपदा और टिकाऊ वृद्धि सहित 23 नीतिगत क्षेत्रों को समाहित करता है।

वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और यूरोपीय संघ के बीच वस्तु व्यापार 136.53 अरब डॉलर रहा था।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments