गढ़चिरौली, 15 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में परिचालन करने वाली निजी कंपनी लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड (एलएमईएल) ने जिले में आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को प्रशिक्षण देने और उसके बाद नौकरी देने की पेशकश की है।
एलएमईएल के प्रबंध निदेशक बी प्रभाकरण ने यह पेशकश नक्सली नेता मल्लोजुला वेणुगोपाल उर्फ भूपति और 60 अन्य कार्यकर्ताओं द्वारा गढ़चिरौली में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने के बाद बुधवार को की।
गढ़चिरौली पूर्वी महाराष्ट्र का माओवाद प्रभावित जिला है, जो अब औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है, खासकर इस्पात क्षेत्र के लिए।
उन्होंने पीटीआई-वीडियो से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘हम इस पर काम करेंगे कि उन्हें (आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को) कैसे शामिल किया जाए और वे क्या काम कर सकते हैं। एक व्यक्ति (भूपति जैसा), जो 30 साल से जंगल में है और एक खास विचारधारा के साथ रह रहा है तथा वह बाहर आकर मुख्यधारा में शामिल हो गया है। मुझे लगता है कि हमारे लिए उसे शामिल करना और उसे ब्रांड एम्बैसडर बनाना एक शानदार अवसर है ताकि शेष लोग (नक्सली) भी बाहर आएं और मुख्यधारा में शामिल हों।’’
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
