scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसितंबर में बेरोजगारी दर मामूली बढ़कर 5.2 प्रतिशत हुई: सरकारी सर्वेक्षण

सितंबर में बेरोजगारी दर मामूली बढ़कर 5.2 प्रतिशत हुई: सरकारी सर्वेक्षण

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) पंद्रह वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों के लिए बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में मामूली रूप से बढ़कर 5.2 प्रतिशत हो गई। बुधवार को जारी एक सरकारी सर्वेक्षण में यह जानकारी दी गई।

सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) द्वारा जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के अनुसार, अगस्त में बेरोजगारी दर (यूआर) 5.1 प्रतिशत, जुलाई में 5.2 प्रतिशत तथा मई और जून में 5.6 प्रतिशत थी।

मई, 2025 में जारी प्रथम पीएलएफएस बुलेटिन के अनुसार अप्रैल में बेरोजगारी दर 5.1 प्रतिशत थी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों में बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में थोड़ी बढ़कर 5.2 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त, 2025 में 5.1 प्रतिशत थी। इससे पहले लगातार दो महीनों तक इसमें गिरावट दर्ज की गई थी।’’

वर्तमान साप्ताहिक स्थिति (सीडब्ल्यूएस) में एकत्र किए गए नवीनतम आंकड़ों से पता चला है कि 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए बेरोजगारी दर सितंबर में 5.2 प्रतिशत थी।

सर्वेक्षण के अनुसार, 15 साल और उससे ज्यादा उम्र के लोगों में ग्रामीण इलाकों में बेरोजगारी बढ़कर अगस्त, 2025 के 4.3 प्रतिशत से सितंबर, 2025 में 4.6 प्रतिशत हो गई। शहरों में भी बेरोजगारी थोड़ी बढ़ी, जो अगस्त में 6.7 प्रतिशत थी और सितंबर में 6.8 प्रतिशत हो गई।

सर्वेक्षण के मुताबिक, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की शहरी महिलाओं में बेरोजगारी दर सितंबर, 2025 में 9.3 प्रतिशत हो गई जो अगस्त, 2025 के दौरान 8.9 प्रतिशत थी।

सर्वेक्षण के अनुसार, ग्रामीण महिलाओं में बेरोज़गारी बढ़ने से कुल महिलाओं की बेरोजगारी दर भी बढ़ी है। अगस्त, 2025 में यह दर 5.2 प्रतिशत थी, जो सितंबर में बढ़कर 5.5 प्रतिशत हो गई।

सर्वेक्षण में यह भी बताया गया है कि अगस्त में गिरावट के बाद सितंबर, 2025 में पुरुषों की बेरोजगारी दर फिर से थोड़ी बढ़ी है। ग्रामीण इलाकों में यह 4.5 प्रतिशत से बढ़कर 4.7 प्रतिशत हो गई और शहरों में 5.9 प्रतिशत से बढ़कर छह प्रतिशत हो गई।

सितंबर में समग्र श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 52.4 प्रतिशत था, जो मई, 2025 के बाद से दर्ज किया गया उच्चतम स्तर है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला कार्यबल में वृद्धि के कारण यह वृद्धि हुई है।

सर्वेक्षण में कहा गया कि 15 साल और उससे ज्यादा उम्र की महिलाओं में कुल डब्ल्यूपीआर लगातार तीसरे महीने बढ़ा है। जून, 2025 में यह 30.2 प्रतिशत था, जो सितंबर में बढ़कर 32.3 प्रतिशत हो गया।

भाषा योगेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments