वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (भाषा) प्रमुख भारतीय-अमेरिकी सामरिक विशेषज्ञ एशले जे. टेलिस को राष्ट्रीय रक्षा जानकारी को अवैध रूप से रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
वाशिंगटन की विदेश नीति संस्था में सम्मानित व्यक्ति, टेलिस वर्तमान में ‘कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ में एक वरिष्ठ फेलो हैं और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा एवं एशियाई सामरिक मुद्दों में विशेषज्ञता रखते हैं।
वर्जीनिया के पूर्वी जिले के अमेरिकी अटॉर्नी कार्यालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा, ‘‘वियना, वर्जीनिया निवासी 64 वर्षीय टेलिस को सप्ताहांत में वियना, वर्जीनिया में गिरफ्तार किया गया और उन पर राष्ट्रीय रक्षा जानकारी को अवैध रूप से रखने का आपराधिक आरोप लगाया गया।’’
अमेरिकी अटॉर्नी लिंडसे हॉलिगन ने कहा, ‘‘इस मामले में लगाए गए आरोप हमारे नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि कार्यालय ‘‘अमेरिकी लोगों को सभी विदेशी और घरेलू खतरों से बचाने पर पूरी तरह केंद्रित है।’’
बयान में कहा गया है कि अगर टेलिस को दोषी ठहराया जाता है, तो 10 साल तक की जेल, ढाई लाख अमेरिकी डॉलर तक का जुर्माना, 100 अमेरिकी डॉलर का विशेष मूल्यांकन और जब्ती का सामना करना पड़ सकता है।
बयान में कहा गया है, ‘‘इस मामले में तथ्य और कानून स्पष्ट हैं, और हम न्याय के लिए उनका पालन करते रहेंगे।’’
बयान में कहा गया है कि एक संघीय जिला न्यायाधीश अमेरिका के सजा दिशानिर्देशों और अन्य वैधानिक कारकों पर विचार करने के बाद ही कोई भी सजा तय करेंगे।
मुंबई में जन्मे और शिकागो विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त, टेलिस एक लेखक और रक्षा एवं एशिया नीति के सलाहकार रहे हैं। जॉर्ज डब्ल्यू बुश प्रशासन के दौरान ऐतिहासिक भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते को आकार देने में उनकी गहरी भूमिका थी, जिसने 2000 के दशक के मध्य में द्विपक्षीय संबंधों को बदल दिया।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
