नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) नाइट फ्रैंक के अनुसार मौजूदा ब्रांडेड आवास परियोजनाओं में भारत दुनिया में छठे स्थान पर है।
इस लिहाज से अमेरिका पहले स्थान पर है। उसके बाद संयुक्त अरब अमीरात, थाइलैंड, मेक्सिको और ब्रिटेन का स्थान है। तुर्की सातवें, चीन आठवें, वियतनाम नौवें और कनाडा 10वें स्थान पर है।
रियल एस्टेट सलाहकार नाइट फ्रैंक की ताजा रिपोर्ट में वैश्विक ब्रांडेड आवास बाजार में भारत की बढ़ती स्थिति को दर्शाया गया है, जो मौजूदा परियोजनाओं में दुनिया भर में छठे स्थान पर है। ब्रांडेड आवास की वैश्विक आपूर्ति में भारत का योगदान चार प्रतिशत है।
सलाहकार कंपनी ने आगे कहा कि आगामी ब्रांडेड आवास परियोजनाओं की पाइपलाइन में भारत वैश्विक स्तर पर 10वें स्थान पर है। सर्वेक्षण में शामिल 83 देशों की भविष्य की कुल आपूर्ति में भारत की दो प्रतिशत हिस्सेदारी है।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘भारत का ब्रांडेड आवास क्षेत्र अभी अपेक्षाकृत नया है, लेकिन वैश्विक स्तर पर तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
