scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमारुति ने पिछले चार सप्ताह में रिकॉर्ड चार लाख बुकिंग, 2.5 लाख खुदरा बिक्री हासिल की

मारुति ने पिछले चार सप्ताह में रिकॉर्ड चार लाख बुकिंग, 2.5 लाख खुदरा बिक्री हासिल की

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) शुरुआती स्तर की कारों की मजबूत मांग से उत्साहित मारुति सुजुकी को पिछले चार सप्ताह में चार लाख से अधिक बुकिंग मिलीं और रिकॉर्ड 2.5 लाख इकाई की खुदरा बिक्री हुई।

इसके साथ ही देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी के लिए यह अब तक का सबसे अच्छा त्योहारी सत्र बन गया है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सितंबर में 22 तारीख से प्रभावी हुई जीएसटी दरों में कटौती से कीमतों में कमी हुई, जिससे पिछले एक महीने में कुल बिक्री में कंपनी की शुरुआती स्तर की कारों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है।

मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन और बिक्री) पार्थो बनर्जी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमें पिछले चार सप्ताह में चार लाख से अधिक बुकिंग मिली हैं। यानी हर हफ्ते एक लाख बुकिंग, जो हमारे लिए अब तक सबसे अधिक है।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी ने समीक्षाधीन अवधि में 2.5 लाख कारें बेची हैं।

बनर्जी ने बताया कि कंपनी को पिछले एक महीने में ऑल्टो, सेलेरियो, वैगनआर और एस-प्रेसो जैसी शुरुआती स्तर की कारों के लिए 80,000 से ज्यादा बुकिंग मिली हैं। गौरतलब है कि इस खंड में पिछले कुछ वर्षों से गिरावट का रुख था और ताजा आंकड़े पुनरुद्धार का संकेत हैं।

बनर्जी ने कहा, ‘‘जीएसटी 2.0 लागू होने से पहले, छोटी कारों की हमारी कुल बिक्री में हिस्सेदारी 16.7 प्रतिशत थी। जीएसटी युक्तिकरण और कीमतों में कटौती के बाद यह अब बढ़कर 21.5 प्रतिशत हो गई है।’’

उन्होंने बताया कि छोटी कारों की बढ़ती मांग के कारण पहली बार कार खरीदने वाले ज्यादा लोग शोरूम आ रहे हैं, जो उपभोक्ता व्यवहार में बदलाव का संकेत है।

उन्होंने आगे कहा कि डीलरों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने उत्पादन बढ़ाया है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments