बीजिंग, 14 अक्टूबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मंगलवार को श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच कानून प्रवर्तन और सुरक्षा सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को प्रगाढ़ करने का आह्वान किया।
शी ने अमरसूर्या से कहा कि चीन, श्रीलंका के साथ उच्च-गुणवत्ता वाले ‘बेल्ट एंड रोड’ (बीआरआई) सहयोग को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने और बंदरगाह अर्थव्यवस्था, आधुनिक कृषि, डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित अर्थव्यवस्था और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने का इच्छुक है।
अमरसूर्या रविवार को बीजिंग पहुंची थीं। उन्होंने सोमवार को महिलाओं पर अंतरराष्ट्रीय वैश्विक नेताओं की बैठक में भाग लिया और बाद में चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग और चीन के शीर्ष राजनीतिक सलाहकार वांग हुनिंग के साथ बातचीत की।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमरसूर्या के साथ अपनी बैठक में, शी ने कानून प्रवर्तन और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने और एक देश से दूसरे देश में होने वाली धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने का आह्वान किया।
शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अमरसूर्या ने कहा कि श्रीलंका उच्च गुणवत्ता वाले ‘बेल्ट एंड रोड’ सहयोग में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है और इसका समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि श्रीलंका अपने विकास में नयी प्रगति के लिए चीन के साथ सहयोग को प्रगाढ़ करने की उम्मीद कर रहा है।
अमरसूर्या की चीनी नेताओं के साथ बातचीत में, चीन के विवादास्पद अनुसंधान जहाजों का कोई जिक्र नहीं हुआ, जिन्हें भारत जासूसी जहाज मानता है और जो श्रीलंकाई बंदरगाहों पर आते हैं।
भारत ने चीनी जहाजों की बार-बार होने वाली यात्राओं के बारे में श्रीलंका के समक्ष अपनी चिंताएं व्यक्त की हैं।
हाल में, चीनी एक्जिम बैंक ने सेंट्रल एक्सप्रेसवे के कदवथा-मीरिगामा खंड के एक हिस्से के निर्माण के लिए 50 करोड़ अमरीकी डॉलर की मंजूरी दी है।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
