scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएनपीसीआई इंटरनेशनल का जापान में यूपीआई की शुरुआत के लिए एनटीटी डेटा से समझौता

एनपीसीआई इंटरनेशनल का जापान में यूपीआई की शुरुआत के लिए एनटीटी डेटा से समझौता

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने जापान में एकीकृत भुगतान प्रणाली (यूपीआई) के जरिये भुगतान की सुविधा शुरू करने के लिए मंगलवार को एनटीटी डेटा जापान के साथ एक समझौता किया।

भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) ने बयान में कहा कि इस समझौते से भारतीय पर्यटक जापान में एनटीटी डेटा से संबद्ध वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड स्कैन कर अपने यूपीआई एप्लिकेशन के जरिये सहज भुगतान कर सकेंगे।

यूपीआई का संचालन करने वाले एनपीसीआई ने कहा, ‘‘यह समझौता एक रणनीतिक साझेदारी की नींव रखता है और जापान में यूपीआई स्वीकृति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय पर्यटकों के भुगतान अनुभव को बेहतर बनाया जा सकेगा।’’

एनटीटी डेटा जापान की भुगतान व्यवस्था में अग्रणी कंपनी है और यह जापान के सबसे बड़े कार्ड भुगतान नेटवर्क कैफिस का संचालन करती है।

एनआईपीएल और एनटीटी डेटा जापान संयुक्त रूप से पूरे देश में एनटीटी डेटा से संबद्ध व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर यूपीआई स्वीकृति को बढ़ाने की संभावनाओं का आकलन और क्रियान्वयन करेंगे।

जनवरी से अगस्त, 2025 के बीच जापान जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या 2.08 लाख रही, जो 2024 की समान अवधि की तुलना में 36 प्रतिशत अधिक है।

एनपीसीआई की इकाई एनआईपीएल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितेश शुक्ला ने कहा कि एनटीटी डेटा के साथ यह समझौता जापान में यूपीआई स्वीकृति की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है। यह साझेदारी भारतीय यात्रियों के लिए डिजिटल भुगतान अनुभव को बेहतर बनाने और सीमापार लेनदेन को सरल करने की दिशा में एक अहम कदम है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments