scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमदेशअर्थजगतमिजोरम व्यापारी संगठन ने सरकार से व्यापार एक्सपो बंद करने का किया आग्रह

मिजोरम व्यापारी संगठन ने सरकार से व्यापार एक्सपो बंद करने का किया आग्रह

Text Size:

आइजोल, 14 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम मर्चेंट एसोसिएशन (एमआईएमए) ने राज्य सरकार से आइजोल के लामुअल में जारी व्यापार एक्सपो को बंद करने का आग्रह किया है। विभिन्न राज्यों के 36 प्रतिभागी बिना ‘इनर लाइन परमिट’ (आईएलपी) के पाए गए हैं।

एमआईएमए, राज्य में व्यापारियों का एक प्रमुख संगठन है।

गैर-राज्य निवासियों विशेष रूप से गैर-आदिवासी लोगों को मिजोरम में प्रवेश करने के लिए आईएलपी प्राप्त करना आवश्यक है। आईएलपी एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है जो भारतीय नागरिकों को मिजोरम सहित संरक्षित क्षेत्रों में प्रवेश के लिए जारी किया जाता है।

व्यापारी संघ ने आयोजक पर इस आयोजन का नाम ‘फर्स्ट इंटरनेशनल स्टार एक्सपो’ रखकर केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया।

एमआईएमए के अध्यक्ष पी. सी. लालदिन्थारा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि संगठन ने आइजोल के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) को एक समान याचिका प्रस्तुत की, जिसमें उनसे ‘‘ कानून के उल्लंघन तथा झूठे या भ्रामक विज्ञापन’’ के आधार पर एक्सपो को तुरंत बंद करने का आग्रह किया।

अधिकारियों ने बताया कि एक निजी एजेंसी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पहले मंगलवार को बंद होने वाला था लेकिन आयोजक इसे आगे बढ़ाना चाहते हैं।

एमआईएमए ने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि आयोजक ने अपने बैनर में कार्यक्रम को ‘फर्स्ट इंटरनेशनल स्टार एक्सपो’ नाम देकर ‘‘भ्रामक या झूठा विज्ञापन’’ दिया है जो केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 की धारा 89 का उल्लंघन है।

लालदिन्थारा ने कहा, ‘‘ हालांकि इसका नाम इंटरनेशनल स्टार एक्सपो है, लेकिन इसमें कोई विदेशी हिस्सा नहीं ले रहा है और सभी प्रतिभागी भारत के विभिन्न राज्यों से हैं। आयोजक बिना किसी विदेशी उपस्थिति के इसे ‘‘अंतरराष्ट्रीय’’ बताकर झूठा विज्ञापन दे रहा है जो कानून का उल्लंघन है।’’

याचिका में एक्सपो में खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियों की ओर इशारा करते हुए आरोप लगाया गया कि एक खाद्य विक्रेता वैध भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) लाइसेंस के बिना काम कर रहा था।

इसमें कहा गया कि एमआईएमए ने राज्य की शीर्ष छात्र संस्था मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) के साथ मिलकर 10 अक्टूबर को स्वैच्छिक आईएलपी अभियान चलाया जिसके दौरान विभिन्न राज्यों से आए 36 गैर-आदिवासी प्रतिभागियों को वैध आईएलपी नहीं रखने के कारण पकड़ा गया।

आईएलपी उल्लंघनकर्ताओं को उसी दिन पुलिस को सौंप दिया गया।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments