नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर (भाषा) अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी ने सोमवार को भारतीय उद्योग जगत को आश्वासन दिया कि तालिबान शासित देश में शांति स्थापित हो गई है और भारत के साथ आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
भारतीय उद्योग प्रतिनिधियों ने कहा कि वीजा एक गंभीर समस्या बनी हुई है और दोनों पक्षों के व्यापारियों की सुगम आवाजाही के लिए इस मुद्दे का तुरंत समाधान करने आवश्यकता है। साथ ही, अफगानिस्तान में भारतीय कंपनियों द्वारा परियोजनाओं के क्रियान्वयन में देरी से बचने के लिए दोनों देशों के बीच माल की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता है।
फिक्की ने अफगानिस्तान के मंत्री के हवाले से एक बयान में कहा, ‘‘अफगानिस्तान के विदेश मंत्री ने भारतीय उद्योग जगत को आश्वासन दिया कि अफगानिस्तान में आवश्यक शांति स्थापित हो गई है और दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार की गई हैं।’’
उन्होंने फिक्की द्वारा आयोजित उद्योग जगत के साथ एक संवाद सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि द्विपक्षीय व्यापार पहले ही एक अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.