(विनय शुक्ला)
मॉस्को, 13 अक्टूबर (भाषा) रूस के पूर्व राष्ट्रपति और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के वर्तमान उपाध्यक्ष दमित्री मेदवेदेव ने सोमवार को चेतावनी दी कि रूस के भीतरी इलाकों में हमले के लिए यूक्रेन को अमेरिकी टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति के सभी पक्षों के लिए विनाशकारी नतीजे हो सकते हैं।
रूस के मेसेंजर ऐप ‘मैक्स’ पर एक पोस्ट में मेदवेदेव ने कहा, “टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों की आपूर्ति किसी के लिए भी अच्छी नहीं होगी।”
उन्होंने कहा, “टॉमहॉक के परमाणु संस्करण और पारंपरिक संस्करण के बीच अंतर करना असंभव है तथा उनका प्रक्षेपण अमेरिका द्वारा नियंत्रित किया जाएगा।”
मेदवेदेव के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने इस बात से सहमति जताई कि चूंकि, टॉमहॉक मिसाइलों के प्रक्षेपण के लिए अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की जरूरत होगी, इसलिए कीव में ऐसी मिसाइलों की संभावित आपूर्ति के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
पेस्कोव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “ऐसी अत्याधुनिक मिसाइलों के संचालन के लिए अनिवार्य रूप से अमेरिकी विशेषज्ञों की भागीदारी की आवश्यकता होगी। यह एक स्पष्ट तथ्य है। मेदवेदेव का पोस्ट इसी बारे में है।”
उन्होंने कहा, “इस मुद्दे की जानकारी रखने वाला कोई भी विशेषज्ञ इसे अच्छी तरह समझता है।”
रूसी सैन्य विशेषज्ञ मिखाइल खोदारियोनोक ने सरकार-नियंत्रित वेस्टीएफएम रेडियो से बातचीत में कहा कि सोवियत काल से ही अमेरिकी टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को अमेरिकी परमाणु हथियार के रूप में नामित किया गया है और उनके प्रक्षेपण से रूस की मिसाइल-रोधी रक्षा प्रणाली से स्वचालित प्रतिक्रिया शुरू हो जाती है।
पिछले हफ्ते ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में मीडिया से मुखातिक रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि टॉमहॉक क्रूज मिसाइलों को अमेरिकियों द्वारा प्रक्षेपित किया जाएगा और उन्हें रूस के अंदर लक्षित निशानों तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा था, “हमें संभावित नुकसान को कम करने के लिए अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत करना होगा, लेकिन इससे हमारे संबंधों को भी नुकसान पहुंचेगा, जो पहले से ही अच्छी स्थिति में नहीं हैं।”
भाषा पारुल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
