scorecardresearch
Sunday, 12 October, 2025
होमदेश'लापता लेडीज' ने फिल्मफेयर में 13 पुरस्कार अपने नाम किए

‘लापता लेडीज’ ने फिल्मफेयर में 13 पुरस्कार अपने नाम किए

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) फिल्म निर्देशक किरण राव की फिल्म ‘लापता लेडीज’ ने 70वें फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक समेत 13 पुरस्कार अपने नाम किए।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार को अहमदाबाद के ईकेए एरिना में आयोजित इस समारोह की मेजबानी अभिनेता शाहरुख खान, फिल्म निर्माता करण जौहर और अभिनेता मनीष पॉल ने की।

फिल्मफेयर पुरस्कार हर वर्ष हिंदी सिनेमा में कलात्मक और तकनीकी उत्कृष्टता के सम्मान में दिए जाते हैं।

‘लापता लेडीज’ को इस वर्ष की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि किरण राव ने इसी फिल्म के लिये सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार हासिल किया। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में प्रतिभा रांटा और नितांशी गोयल ने दो दुल्हन की भूमिका निभाई थी।

नितांशी गोयल को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री और प्रतिभा रांटा को ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का क्रिटिक्स अवॉर्ड’ दिया गया। रवि किशन और छाया कदम ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता/अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।

अभिषेक बच्चन और कार्तिक आर्यन ने क्रमशः अपनी फिल्मों ‘आई वांट टू टॉक’ और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार साझा किया।

अलिया भट्ट को वासन बाला के निर्देशन में बनी फिल्म ‘जिगरा’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इस फिल्म में वेदांग रैना भी प्रमुख भूमिका में थे।

राजकुमार राव को फिल्म ‘श्रीकांत’ में दृष्टिबाधित उद्योगपति श्रीकांत बिल्ला की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का क्रिटिक्स अवॉर्ड दिया गया।

अभिनेता लक्ष्य को एक्शन थ्रिलर ‘किल’ में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का पुरस्कार मिला। इस फिल्म ने अन्य चार तकनीकी पुरस्कार भी जीते जिनमें रफे मेहमूद को सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी, मयूर शर्मा को सर्वश्रेष्ठ प्रोडक्शन डिजाइन, सीयंग ओह और परवेज शेख को सर्वश्रेष्ठ एक्शन, शिवकुमार वी. पनिकेर को सर्वश्रेष्ठ संपादन और सुभाष साहो को सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइन का सम्मान दिया गया।

शूजित सरकार को फिल्म ‘आई वांट टू टॉक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म का क्रिटिक्स अवॉर्ड मिला। वहीं, कुणाल खेमू को अपनी फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ और आदित्य सुहास जांभले को ‘आर्टिकल 370’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला।

अभिनेत्री जीनत अमान और दिवंगत निर्देशक श्याम बेनेगल को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया।

संगीत के क्षेत्र में उभरती प्रतिभा के रूप में अचिंत ठक्कर को उनकी फिल्मों ‘जिगरा’ और ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ के लिए आर.डी. बर्मन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

‘लापता लेडीज’ को लेखन और संगीत की श्रेणियों में भी पुरस्कार मिलें। स्नेहा देसाई को सर्वश्रेष्ठ पटकथा (स्क्रीनप्ले) और संवाद लेखन का पुरस्कार मिला, जबकि राम संपत को सर्वश्रेष्ठ संगीत एल्बम और बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर तथा प्रशांत पांडे को सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला।

गायक अरिजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक (पुरुष) का पुरस्कार मिला, जबकि दर्शन जलान को ‘लापता लेडीज’ में सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा (कॉस्ट्यूम) के लिए सम्मानित किया गया।

‘आर्टिकल 370’ के लिए आदित्य धर और मोनल ठक्कर को सर्वश्रेष्ठ कहानी का पुरस्कार मिला, जबकि ‘स्त्री 2’ के गीत के लिए मधुबंती बागची को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका (महिला) का सम्मान मिला।

‘आई वांट टू टॉक’ के लिए रितेश शाह और तुषार शीतल जैन को ‘सर्वश्रेष्ठ अडॉप्टेड स्क्रीनप्ले’ का पुरस्कार दिया गया।

निर्देशक आदित्य सरपोतदार की फिल्म ‘मुंजा’ को सर्वश्रेष्ठ वीएफएक्स का पुरस्कार मिला।

‘बैड न्यूज़’ फिल्म के गीत ‘तौबा तौबा’ के लिए बॉस्को सीजर को सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशन (बेस्ट कोरियोग्राफी) का पुरस्कार मिला।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments