पेशावर, 11 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हुए आतंकवादी हमले में सात पुलिसकर्मी मारे गये और 13 अन्य घायल हो गये। सेना ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह हमला शुक्रवार देर रात हुआ जब प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सात से आठ आतंकवादियों ने दक्षिण वजीरिस्तान सीमा के निकट डीआई खान जिले में डेरा इस्माइल खान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर भारी हथियारों का इस्तेमाल करते हुए समन्वित हमला किया।
सेना ने एक बयान में कहा कि 10-11 अक्टूबर की दरम्यानी रात को आतंकवादियों ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के परिसर में घुसने का प्रयास किया और विस्फोटकों से लदे ट्रक को स्कूल के मुख्य द्वार से टकरा दिया, जिससे एक बड़ा विस्फोट हुआ।
इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि सुरक्षाकर्मियों और आतंकवादियों के बीच जवाबी गोलीबारी में छह अन्य पुलिसकर्मी मारे गए।
सेना ने बताया कि पांच घंटे की गहन मुठभेड़ के बाद छह आतंकवादी भी मारे गये।
सेना ने बताया कि गोलीबारी के दौरान आतंकवादियों ने हथगोले फेंकना जारी रखा।
संस्थान परिसर के अंदर स्थित एक मस्जिद को आतंकवादियों ने निशाना बनाया। हमले में मस्जिद के इमाम की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हमले के दौरान प्रशिक्षण स्कूल में लगभग 200 प्रशिक्षु, प्रशिक्षक और कर्मचारी मौजूद थे।
इसने बताया कि हमले में पुलिसकर्मियों समेत 13 लोग घायल भी हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सभी प्रशिक्षु रंगरूटों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
इससे पहले दिन में आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) ने एक बयान में कहा कि प्रशिक्षण केंद्र के निकट राष्ट्रीय डाटाबेस एवं पंजीकरण प्राधिकरण (एनएडीआरए) के कार्यालय को भी आतंकवादियों ने जला दिया।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने पुष्टि की है कि इलाके को पूरी तरह से खाली करा लिया गया है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
