नयी दिल्ली, नौ अक्टूबर (भाषा) डिज़ाइन और प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी टाटा एलेक्सी का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही का शुद्ध मुनाफा 32.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 154.8 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।
एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी ने 229.4 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।
तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 918 करोड़ रुपये रहा, जो 2024-25 की दूसरी तिमाही के 955 करोड़ रुपये के परिचालन राजस्व से 3.8 प्रतिशत कम है।
टाटा एलेक्सी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक मनोज राघवन ने कहा, ‘‘गतिशील बाज़ार स्थितियों और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच, हमने विदेशी बाज़ारों में मज़बूत तिमाही-दर-तिमाही वृद्धि दर्ज की, जिसका नेतृत्व अमेरिका ने किया, जहां तिमाही-दर-तिमाही 7.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हमारे मीडिया और संचार व्यवसाय, जो हमारे राजस्व में 31 प्रतिशत से अधिक का योगदान देता है, ने 6.8 प्रतिशत की शानदार तिमाही-दर-तिमाही वृद्धि दर्ज की।’’
वित्तवर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही के अंत में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या 11,951 थी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
