scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमविदेशपाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने टीटीपी के सात आतंकियों को मार गिराया

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों ने टीटीपी के सात आतंकियों को मार गिराया

Text Size:

पेशावर, नौ अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के कम से कम सात आतंकियों को अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक संयुक्त अभियान में मार गिराया। सेना ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सेना की मीडिया शाखा ने एक बयान में बताया कि बुधवार को अभियान के दौरान एक मेजर की भी जान चली गई है।

इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बताया कि सुरक्षा बलों ने ‘फितना अल-ख्वारिज’ से जुड़े आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डेरा इस्माइल खान जिले के दरबान क्षेत्र में अभियान चलाया।

पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल टीटीपी को ‘फितना अल-खवारिज’ के रूप में अधिसूचित किया था जोकि इस्लामी इतिहास में हिंसा में संलिप्त समूह को संदर्भित करता है।

बयान में कहा गया कि प्रतिबंधित समूह से जुड़े सात आतंकवादियों को ‘दोजख भेज दिया गया’। इसमें कहा गया है कि भीषण गोलीबारी के दौरान सेना के एक मेजर की भी जान चली गई।

सेना के मुताबिक मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। उसने बताया कि मारे गए आतंकवादी सुरक्षा बलों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के खिलाफ कई आतंकवादी गतिविधियों के साथ-साथ निर्दोष नागरिकों की हत्या में भी संलिप्त थे।

आईएसपीआर के मुताबिक क्षेत्र से आतंकवादियों के सफाए के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

यह अभियान अफगानिस्तान की सीमा से लगे प्रांत में खुफिया सूचना पर आधारित अभियान के दौरान तालिबान आतंकवादियों के साथ संघर्ष में एक लेफ्टिनेंट कर्नल और एक मेजर सहित 11 सैन्यकर्मियों के मारे जाने के एक दिन बाद शुरू किया गया।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments