scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमविदेशअफगानिस्तान के पड़ोसियों ने आर्थिक सुधार और विकास में काबुल की सहायता का आह्वान किया

अफगानिस्तान के पड़ोसियों ने आर्थिक सुधार और विकास में काबुल की सहायता का आह्वान किया

Text Size:

मास्को, सात अक्टूबर (भाषा) अफगानिस्तान में आतंकवाद और मादक पदार्थ के खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए देश के अधिकारियों की सराहना करते हुए पड़ोसी और क्षेत्रीय मुल्कों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को आर्थिक सुधार और विकास में काबुल को सहायता देने का आह्वान किया।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने मास्को में आयोजित अफगानिस्तान पर एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘ हम काबुल को इस बात का श्रेय देते हैं कि वह बाहरी दबाव और अपेक्षाकृत छोटे सरकारी बजट के बावजूद आतंकवादी समूहों विशेष रूप से इस्लामिक स्टेट की अफगान शाखा का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने में सक्षम रहा है।’’

भारत, ईरान, कज़ाकिस्तान, किर्गिस्तान, चीन, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान के विशेष प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बैठक में भाग लिया, जिसमें अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर ख़ान मुत्ताक़ी भी शामिल हुए। बेलारूस का एक प्रतिनिधिमंडल भी अतिथि के रूप में बैठक में शामिल हुआ।

रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव द्वारा शुरू किए गए परामर्श सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने किया। वह पहले काबुल में भारत के दूत के रूप में कार्य कर चुके हैं।

लावरोव ने कहा, ‘‘ अफ़ग़ानिस्तान की धरती पर मौत और तबाही फैलाने वाले सैकड़ों आतंकवादियों का सफाया कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। संयुक्त राष्ट्र के मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय के अनुसार, 2022 के बाद से अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम की खेती और अफ़ीम उत्पादन में 90 फीसदी की कमी आई है।’’

भाषा शोभना माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments