scorecardresearch
Sunday, 19 April, 2026
होमदेशअर्थजगतकतर में भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी को लेकर काफी उत्साह: गोयल

कतर में भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी को लेकर काफी उत्साह: गोयल

Text Size:

(राजेश राय)

दोहा, सात अक्टूबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि कतर में भारतीय व्यवसायों के साथ साझेदारी को लेकर काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह उत्सुकता न केवल दोनों देशों में निवेश के लिए है, बल्कि तीसरे देशों की परियोजनाओं में सहयोग के लिए भी है।

उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि कतर स्थित अल बालाघ, लार्सन एंड टुब्रो का भागीदार है। उन्होंने कतर में परियोजनाएं पूरी की हैं, और अब उनकी तीसरे देशों में भी इसी तरह की परियोजनाएं शुरू करने की योजना है। अल बालाघ के चेयरपर्सन शेरिदा साद जुबरान अल काबी से मुलाकात के बाद उन्होंने संवाददाताओं से यह बात कही।

गोयल कतर विकास बैंक के सीईओ अब्दुलरहमान हेशाम अल सोवैदी से भी मुलाकात की।

गोयल ने कहा, ”कतर सरकार तीसरे देशों की परियोजनाओं पर भी विचार कर रही है और मुझे बताया गया है कि कतर विकास बैंक वित्तपोषण की गारंटी देने को तैयार है।”

मंत्री ने कहा कि भारतीय कंपनियों को कतर के व्यापारियों और तीसरे देशों के साथ साझेदारी के लिए इस तरह के गारंटी वाले वित्तपोषण पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

ये साझेदारियां महत्वपूर्ण हैं क्योंकि भारत और कतर जल्द ही एक मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत की रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे और यह समझौता अगले साल के मध्य या तीसरी तिमाही तक पूरा होने की उम्मीद है।

गोयल दो दिवसीय दौरे पर यहां आए हैं। वह दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को मजबूत करने के लिए एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments