नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) भारत को अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) की परिषद में फिर से चुना गया है। नागर विमानन मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
भारत को संयुक्त राष्ट्र की विशिष्ट एजेंसी आईसीएओ की परिषद के भाग II के लिए पुनः निर्वाचित किया गया है। भाग II में वे देश शामिल हैं जो अंतरराष्ट्रीय नागर हवाई नौवहन के लिए सुविधाओं के प्रावधान में सबसे अधिक योगदान देते हैं।
कनाडा के मॉन्ट्रियल में 27 सितंबर को आयोजित 42वें आईसीएओ सभा सत्र के दौरान यह चुनाव हुआ।
सभा के दौरान 193 सदस्य देशों द्वारा निर्वाचित 36 सदस्यीय आईसीएओ परिषद, तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए संचालन निकाय के रूप में कार्य करती है। आईसीएओ सभा हर तीन साल में आयोजित की जाती है।
इस महीने की शुरुआत में, नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने 2025-2028 के कार्यकाल के लिए पुनः चुयन हेतु भारत की उम्मीदवारी के लिए सदस्य देशों से समर्थन मांगा था।
भारत 1944 से आईसीएओ का संस्थापक सदस्य रहा है और 81 वर्ष से परिषद में मौजूद है।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
