scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशअर्थजगतउत्तर प्रदेश की वृद्धि रफ्तार अब रुकने वाली नहीं: गोयल

उत्तर प्रदेश की वृद्धि रफ्तार अब रुकने वाली नहीं: गोयल

Text Size:

नोएडा, 29 सितंबर (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश की वृद्धि रफ्तार अब रुकने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित कारोबारी माहौल और मजबूत बुनियादी ढांचे ने राज्य को निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बना दिया है।

मंत्री सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में ‘उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2025’ में ये बातें कही। उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो (यूपीआईटीएस 2025) का तीसरा संस्करण सोमवार को संपन्न हुआ।

गोयल ने कहा, ”यूपीआईटीएस न केवल राज्य की, बल्कि पूरे भारत की आर्थिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक क्षमता को दर्शाता है।”

उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता का आह्वान किया।

पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुए उल्लेखनीय परिवर्तन का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्णायक शासन के साथ अब राज्य की वृद्धि रफ्तार रुकने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित कारोबारी माहौल और मजबूत बुनियादी ढांचे ने उत्तर प्रदेश को निवेशकों के लिए पसंदीदा गंतव्य बना दिया है।

गोयल ने हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा घोषित ‘जीएसटी बचत महोत्सव’ का भी उल्लेख किया और कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं पर करों में कमी नवरात्रि के दौरान उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार है।

उन्होंने कहा कि जहां पहले राज्य में हर साल केवल 400-500 औद्योगिक इकाइयां ही स्थापित होती थीं, वहीं इस साल 3,000 से ज्यादा नई इकाइयां स्थापित होने की उम्मीद है।

गोयल ने इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्पित नेतृत्व को दिया और कहा कि उनके अथक परिश्रम से उद्योग को बढ़ावा मिला है, कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, स्टार्टअप्स, निर्यातोन्मुखी इकाइयों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिला है।

भाषा पाण्डेय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments