नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी राजीव वर्मा को दिल्ली का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया। रविवार को जारी एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई है।
वह वर्तमान मुख्य सचिव धर्मेंद्र का स्थान लेंगे, जो 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होंगे।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक, ‘‘सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन से वर्ष 1992 बैच के एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के आईएएस अधिकारी राजीव वर्मा को चंडीगढ़ से दिल्ली स्थानांतरित किया जाता है और उन्हें 01.10.2025 से या कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से, जो भी बाद में हो, दिल्ली के मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त किया जाता है।’’
वर्तमान में, चंडीगढ़ के मुख्य सचिव वर्मा इससे पहले पुडुचेरी में इस शीर्ष पद पर कार्यरत थे।
कार्यभार संभालने के बाद वर्मा दिल्ली प्रशासन व सभी विभागों के कामकाज की देखरेख करेंगे।
वर्मा इससे पहले 2018 से 2022 के बीच दिल्ली के वित्त एवं राजस्व सचिव और 2017 से 2018 तक दिल्ली विकास प्राधिकरण में आवास एवं शहरी मामलों के प्रधान आयुक्त के रूप में कार्यरत रहे हैं।
उन्होंने परिवहन विभाग में भी काम किया है और राष्ट्रीय राजधानी में कई सचिव व अतिरिक्त सचिव स्तर के पदों पर कार्य कर चुके हैं।
केंद्रीय स्तर पर वर्मा ने 2013 से 2017 तक रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया और ऊर्जा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालयों में भी पद पर रहे।
उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और आईआईटी से एमटेक स्नातक वर्मा के पास तीन दशकों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.