scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएनसीसीएफ का चालू वित्त वर्ष में कारोबार 45 प्रतिशत बढ़ाकर 12,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य

एनसीसीएफ का चालू वित्त वर्ष में कारोबार 45 प्रतिशत बढ़ाकर 12,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (एनसीसीएफ) के चेयरमैन विशाल सिंह ने शुक्रवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष में मुख्य रूप से कृषि वस्तुओं के बेहतर कारोबार के जरिये कुल कारोबार को 45 प्रतिशत बढ़ाकर 12,000 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है।

सिंह ने बताया कि एनसीसीएफ ने पिछले वित्त वर्ष में 8,270 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जो वित्त वर्ष 2023-24 में 5,968.96 करोड़ रुपये था।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2024-25 में एनसीसीएफ का शुद्ध लाभ बढ़कर 216 करोड़ रुपये हो गया, जो उसके एक साल पहले 182.25 करोड़ रुपये था।

चालू वित्त वर्ष के राजस्व परिदृश्य के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एनसीसीएफ 12,000 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य लेकर चल रहा है और इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेने का भरोसा है।

इस अवसर पर एनसीसीएफ की प्रबंध निदेशक अनीस जोसेफ चंद्रा ने कहा कि महासंघ के लगभग 19 अपने बिक्री केंद्र हैं और इस वित्त वर्ष के अंत तक इसे 40-45 स्टोर तक बढ़ाने की योजना है। प्रमुख शहरों में बिक्री केंद्र खोलने के लिए बातचीत जारी है।

चंद्रा ने कहा कि एनसीसीएफ प्याज सहित कृषि-वस्तुओं के खरीद कार्यों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य बना रहा है।

एनसीसीएफ की स्थापना 16 अक्टूबर, 1965 को देश में उपभोक्ता सहकारी समितियों के शीर्ष निकाय के रूप में की गई थी। यह देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित 29 शाखा कार्यालयों के नेटवर्क के माध्यम से संचालित होता है।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments