नयी दिल्ली, 26 सितंबर (भाषा) वाहन विनिर्माता कंपनी टाटा मोटर्स की विभाजन प्रक्रिया के तहत गिरीश वाघ को वाणिज्यिक वाहन इकाई का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया है, जबकि शैलेश चंद्रा को यात्री वाहन इकाई का नेतृत्व संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।
टाटा मोटर्स का वाणिज्यिक वाहन कारोबार और इससे संबंधित निवेश एक इकाई में रखे जाएंगे, जबकि यात्री वाहन कारोबार दूसरी फर्म का हिस्सा होगा।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने गिरीश वाघ की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
वाघ को टीएमएल कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड के निदेशक मंडल में अतिरिक्त निदेशक, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में नियुक्त किया गया है। इस प्रस्तावित सूचीबद्ध इकाई में टाटा मोटर्स का वाणिज्यिक वाहन कारोबार शामिल किया जाएगा। उनकी नियुक्ति एक अक्टूबर 2025 से प्रभावी होगी।
टाटा मोटर्स ने शैलेश चंद्रा को यात्री वाहन इकाई की कंपनी में अतिरिक्त निदेशक, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति एक अक्टूबर, 2025 से 30 सितंबर, 2028 तक तीन साल के लिए होगी।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि चंद्रा टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लि. के प्रबंध निदेशक के रूप में काम करना जारी रखेंगे।
उन्हें दोनों, वाणिज्यिक वाहन और यात्री वाहन इकाइयों के निदेशक मंडल में शामिल किया गया है।
इसके अलावा, कंपनी ने सुधा कृष्णन को एक अक्टूबर, 2025 से पांच वर्षों के लिए कंपनी का अतिरिक्त, गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
