scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतडॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे चढ़कर 88.68 पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे चढ़कर 88.68 पर बंद

Text Size:

मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया सीमित दायरे में कारोबार करते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सात पैसे बढ़कर 88.68 (अस्थायी) पर बंद हुआ। डॉलर में मजबूती और कमजोर घरेलू बाजारों के बीच रिजर्व बैंक के संभवत: हस्तक्षेप के कारण रुपये में मजबूती आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि एच1बी वीजा शुल्क में बढ़ोतरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने रुपये पर दबाव डाला। हालांकि, निर्यातकों द्वारा डॉलर की बिकवाली और रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप की खबरों ने रुपये में तेज गिरावट पर रोक लगा दी।

इसके अलावा, निवेशक, वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं और अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि के भारत के आईटी सेवा निर्यात पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंतित रहे।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.65 पर खुला और कारोबार के दौरान 88.60 के उच्चतम स्तर और 88.70 के निम्नतम स्तर पर रहा।

घरेलू मुद्रा अंततः 88.68 (अस्थायी) पर बंद हुई, जो पिछले बंद भाव से सात पैसे की बढ़त है।

बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दो पैसे की गिरावट के साथ 88.75 के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अमेरिकी डॉलर में सुधार और रूस तथा यूक्रेन के बीच भू-राजनीतिक तनाव से वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचने की प्रवृत्ति के कारण रुपया कमजोर बना रहेगा।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि का मुद्दा और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, रुपये पर और दबाव डाल सकती हैं। हालांकि, निर्यातकों द्वारा डॉलर की बिकवाली से निचले स्तरों पर रुपये को सहारा मिल सकता है। व्यापारी दूसरी तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी), साप्ताहिक बेरोजगारी दावों और अमेरिका से टिकाऊ वस्तुओं के ऑर्डर के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। डॉलर/रुपये की हाजिर कीमत 88.40 से 89.10 के बीच रहने की संभावना है।’’

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.80 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 69.04 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 555.95 अंक टूटकर 81,159.68 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 166.05 अंक की गिरावट के साथ 24,890.85 पर बंद हुआ।

एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एमआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,425.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments