scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया दो पैसे टूटकर 88.75 के अबतक के सबसे निचले स्तर पर

रुपया दो पैसे टूटकर 88.75 के अबतक के सबसे निचले स्तर पर

Text Size:

मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बुधवार को रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 88.75 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिका के भारत पर भारी शुल्क लगाये जाने तथा एच-1बी वीजा शुल्क से जुड़े मुद्दों के झटकों के कारण रुपये में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट देखी गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की निरंतर निकासी के कारण रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर के आसपास मंडरा रहा है, क्योंकि निवेशक वैश्विक व्यापार अनिश्चितताओं और भारत के आईटी सेवा निर्यात पर अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि के प्रभाव को लेकर चिंतित हैं।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 88.80 पर खुला और 88.67 के दिन के उच्च स्तर को छूने के बाद कारोबार के अंत में 88.75 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से दो पैसे की गिरावट है। यह रुपये का अब तक का सबसे निचला बंद स्तर है।

मंगलवार को रुपया 45 पैसे की गिरावट के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.73 के नए सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। इससे पहले, कारोबार के दौरान यह 88.82 के सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंच गया था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (मुद्रा एवं जिंस) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अमेरिकी वीजा शुल्क वृद्धि के मुद्दे को लेकर रुपया कमजोर रहेगा। घरेलू बाजार में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की निकासी रुपये पर और दबाव डाल सकती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक का कोई भी हस्तक्षेप भी रुपये को सहारा दे सकता है। व्यापारी अमेरिका से नए घरों की बिक्री के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 88.40 से 89.25 के बीच रहने की संभावना है।’’

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.36 प्रतिशत बढ़कर 97.61 पर रहा।

वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.61 प्रतिशत बढ़कर 68.04 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 386.47 अंक गिरकर 81,715.63 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 112.60 अंक टूटकर 25,056.90 पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को 2,425.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments