scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमविदेशसंयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप का दावा, भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया

संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप का दावा, भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया

Text Size:

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 23 सितंबर (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में, अपना यह दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया था।

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के लिए यहां एकत्र हुए विश्व के नेताओं के समक्ष यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह, केवल सात महीनों में, मैंने सात ऐसे युद्ध समाप्त करवाये हैं… कुछ तो 31 साल से चल रहे थे। उनमें से दो 31 साल से चल रहे थे। एक 36 साल से, एक अन्य 28 साल से चल रहा था।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने सात युद्ध समाप्त करवाये, जिनमें अनगिनत लोग मारे गए हैं। इसमें कंबोडिया-थाईलैंड, कोसोवो-सर्बिया, कांगो-रवांडा, पाकिस्तान-भारत, इजराइल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया तथा आर्मेनिया-अजरबैजान युद्ध शामिल हैं।’’

दस मई को, जब ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि वाशिंगटन की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान ‘‘पूर्ण और तत्काल’’ संघर्ष विराम के लिए सहमत हो गए हैं, तब से उन्होंने लगभग 50 बार यह दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव ‘‘घटाने’’ में मदद की है।

हालांकि, भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है।

भारत ने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था तथा पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।

भारत लगातार कहता रहा है कि पाकिस्तान के साथ संघर्ष विराम पर सहमति दोनों देशों की सेनाओं के सैन्य संचालन महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच सीधी बातचीत के बाद बनी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसद में स्पष्ट कर दिया कि किसी भी देश के नेता ने भारत से ऑपरेशन सिंदूर रोकने के लिए नहीं कहा था।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments