नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) डेकोरेटिव वॉल पैनल बनाने वाली कंपनी यूरो प्रतीक सेल्स लिमिटेड का शेयर अपनी बाजार सूचीबद्धता के दिन मंगलवार को शुरुआती तेजी के बाद मामूली बढ़त पर बंद हुआ।
बीएसई पर कंपनी का शेयर 273.45 रुपये के भाव पर सूचीबद्ध हुआ, जो 247 रुपये के निर्गम मूल्य से 10.70 प्रतिशत अधिक है। शुरुआती कारोबार में यह 279.55 रुपये तक चढ़ गया लेकिन मुनाफावसूली होने से तेजी थम गई। कारोबार के अंत में यह सिर्फ 0.50 प्रतिशत बढ़त के साथ 248.25 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
इसी तरह, एनएसई पर यह निर्गम मूल्य से 10.16 प्रतिशत चढ़कर 272.10 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ था। हालांकि, दिन के अंत में यह 248.38 रुपये पर आ गया जो 0.55 प्रतिशत की मामूली बढ़त है।
कंपनी का बाजार पूंजीकरण कारोबार के अंत में 2,537.12 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का 451.32 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम पूरी तरह से बिक्री पेशकश पर आधारित था। इस निर्गम को पिछले सप्ताह 1.34 गुना अभिदान मिला था। आईपीओ का मूल्य दायरा 235-247 रुपये प्रति शेयर था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
