नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) यात्रा बुकिंग कंपनी मेकमाईट्रिप ने मंगलवार को मोहित काबरा को समूह मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) और दीपक बोहरा को समूह मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) के पद पर नियुक्त करने की घोषणा की।
यात्रा बाजार में स्थिति मजबूत करने में जुटी कंपनी ने एक बयान में कहा कि शीर्ष स्तर पर हुए ये बदलाव सांस्थानिक नेतृत्व और वृद्धि तेज करने पर कंपनी के ध्यान को दर्शाते हैं।
मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक एवं समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजेश मागो ने कहा, “हमारे व्यवसाय की गहरी समझ और स्थापित ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ मोहित को संगठन में परिचालन दक्षता के लिए आदर्श बनाता है। वहीं दीपक का व्यापक अनुभव और वित्तीय विशेषज्ञता बाजार स्थिति को मजबूत करने और नए वृद्धि पथ की तलाश में मदद करेगी।”
समूह सीओओ बनाए गए काबरा पिछले 14 वर्षों से कंपनी में हैं और हाल ही में निदेशक मंडल में शामिल किए गए थे। वहीं समूह सीएफओ नियुक्त हुए बोहरा वित्त, कानूनी, अनुपालन और निवेशक संबंध विभागों में रणनीतिक नेतृत्व प्रदान करेंगे।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
