scorecardresearch
Monday, 22 September, 2025
होमदेशमुंबई में लैम्बर्गिनी कार कोस्टल रोड पर डिवाइडर से टकराई, कोई हताहत नहीं

मुंबई में लैम्बर्गिनी कार कोस्टल रोड पर डिवाइडर से टकराई, कोई हताहत नहीं

Text Size:

मुंबई, 22 सितंबर (भाषा) मुंबई में एक तेज रफ्तार लैम्बर्गिनी कार मुंबई के कोस्टल रोड पर डिवाइडर से टकरा गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह हुई इस घटना में कार चालक बाल-बाल बच गया। बाद में इस घटना का एक वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर सामने आया।

पुलिस को संदेह है कि मुंबई में भारी बारिश की वजह से सड़क पर पानी भरने के कारण यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि 52 वर्षीय चालक आतिश शाह ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके परिणामस्वरूप कार सड़क पर फिसलकर डिवाइडर से जा टकराई।

नेपियन सी रोड पर रहने वाले शाह दक्षिण मुंबई के कोलाबा जा रहे थे। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारी ने बताया कि क्षतिग्रस्त कार को बाद में सड़क से हटा दिया गया।

उन्होंने बताया कि वर्ली पुलिस ने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से कार की जांच करने को कहा है ताकि यह पता चल सके कि कार में कोई तकनीकी खराबी तो नहीं थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शाह के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कारों के शौकीन रेमंड लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक गौतम सिंघानिया ने रविवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर दुर्घटना का वीडियो साझा किया और इस पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने लिखा, ‘‘एक बार फिर, एक और लैम्बर्गिनी हादसे का शिकार हुई। इस बार मुंबई के कोस्टल रोड पर। क्या इन कारों में ‘ट्रैक्शन’ भी है? लैम्बर्गिनी के साथ क्या हो रहा है….?’’

भाषा सुरभि शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments