scorecardresearch
Sunday, 15 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएयरसेल-मैक्सिस भ्रष्टाचार मामला: मलेशियाई कंपनी मैक्सिस को नया समन जारी

एयरसेल-मैक्सिस भ्रष्टाचार मामला: मलेशियाई कंपनी मैक्सिस को नया समन जारी

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अनुरोध पर यहां एक विशेष अदालत ने मलेशियाई दूरसंचार कंपनी मैक्सिस और उसके पूर्व निदेशक ऑगस्टस राल्फ मार्शल को नया समन जारी किया है।

अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि 2006 में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के कार्यकाल के दौरान एयरसेल के अधिग्रहण के लिए मैक्सिस की अनुषंगी कंपनी को दी गई एफआईपीबी मंजूरी के संबंध में यह समन जारी किया गया।

उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इस मामले में मलेशियाई कंपनी एस्ट्रो ऑल एशिया नेटवर्क को भी समन जारी करने का अनुरोध किया है, जिसे भी विशेष अदालत ने मंजूरी दे दी है।

अधिकारी ने कहा कि सीबीआई ने मलेशिया में समन तामील करने के लिए अदालत से तीन महीने का समय मांगा है।

जांच एजेंसी ने पूर्व दूरसंचार मंत्री दयानिधि मारन और कुछ अन्य के खिलाफ 29 अगस्त, 2014 को अपना पहला आरोपपत्र दायर किया था। हालांकि, दो फरवरी, 2017 को एक विशेष अदालत ने उन्हें आरोपमुक्त कर दिया था।

सीबीआई ने इस आरोपमुक्ति को दिल्ली उच्च न्यायालय में एक पुनरीक्षण याचिका के माध्यम से चुनौती दी है।

एजेंसी ने 19 जुलाई, 2018 को चिदंबरम और अन्य के खिलाफ एक और आरोपपत्र दायर किया, जो अब भी विशेष अदालत के समक्ष है। चिदंबरम ने इस मुद्दे पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी करने से परहेज किया है।

भाषा पाण्डेय अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments