scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशअर्थजगतइंडिया एक्सपो मार्ट में भव्य मंडप तैयार करेगा पर्यटन विभाग

इंडिया एक्सपो मार्ट में भव्य मंडप तैयार करेगा पर्यटन विभाग

Text Size:

लखनऊ, 17 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आगामी 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो-2025 (यूपीआईटीएस-2025) में एक भव्य मंडप तैयार करेगा।

विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि एक आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल प्रदर्शनी के रूप में डिजाइन किया गया यह मंडप राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन में निवेश की संभावनाओं और तेजी से हो रही आर्थिक प्रगति को उजागर करेगा।

एक बयान के अनुसार, डिजिटल किस्सागोई, एआर/वीआर डिस्प्ले, ऑटो-नेविगेशन कियोस्क और सेल्फी जोन जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह मंडप जीवंत सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करेगा। इनमें ब्रज का मयूर नृत्य, सोनभद्र और लखीमपुर के आदिवासी नृत्य, झांसी का बुंदेली नृत्य और लखनऊ घराने के कथक प्रदर्शन शामिल हैं।

यूपीआईटीएस-2025 में वैश्विक निवेशकों, नीति निर्माताओं, व्यापारिक नेताओं, शैक्षणिक प्रतिनिधियों, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और पर्यटन पेशेवरों के आकर्षित होने की उम्मीद है। यह आयोजन उत्तर प्रदेश में पर्यटन और निवेश के नए अवसरों पर व्यापक चर्चा के लिए एक गतिशील मंच के रूप में कार्य करेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को एक हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के सरकार के लक्ष्य में पर्यटन को एक प्रमुख उत्प्रेरक के रूप में स्थापित करना है। पर्यटन विभाग अपने मोबाइल ऐप का भी प्रचार करेगा, जिससे आगंतुकों को आध्यात्मिक, बौद्ध, ग्रामीण और स्वास्थ्य पर्यटन पर विस्तृत जानकारी मिलेगी।

पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि यह मंडप केवल एक प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि एक समग्र अनुभव प्रदान करेगा। सांस्कृतिक प्रदर्शनों और नीतिगत संवादों के जरिये उत्तर प्रदेश को एक प्रतिस्पर्धी वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल रोजगार सृजन, विरासत को आय के स्रोत में बदलने और स्थायी पर्यटन प्रथाओं को बढ़ावा देने में मदद करेगी।

भाषा सलीम नरेश अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments