नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड का शेयर बुधवार को 165 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 14 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ सूचीबद्ध हुआ।
बीएसई पर कंपनी के शेयर की शुरुआत 187.70 रुपये पर हुई, जो निर्गम मूल्य से 13.75 प्रतिशत अधिक है। बाद में कारोबार के दौरान यह 15.75 प्रतिशत बढ़कर 191 रुपये पर पहुंच गया।
एनएसई पर, कंपनी का शेयर ने 14.24 प्रतिशत की तेजी के साथ 188.50 रुपये पर कारोबार शुरू किया।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,794.60 करोड़ रुपये था।
श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को शेयर बिक्री के अंतिम दिन 60.29 गुना अभिदान मिला था।
आईपीओ का मूल्य दायरा 155 से 165 रुपये प्रति शेयर था।
मुंबई स्थित कंपनी का आईपीओ पूरी तरह से 2.43 करोड़ इक्विटी शेयरों का एक नया निर्गम था। मूल्य दायरे की ऊपनी सीमा पर यह 401 करोड़ बैठता है।
कंपनी नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए करेगी। 2009 में स्थापित, श्रृंगार हाउस ऑफ मंगलसूत्र विभिन्न रत्नों, जैसे अमेरिकी हीरे, क्यूबिक जिरकोनिया, मोती, मदर-ऑफ-पर्ल और अर्ध-कीमती पत्थरों से जड़े, 18 कैरेट और 22 कैरेट सोने में तैयार किए गए मंगलसूत्र की एक विविध श्रृंखला के डिजाइन, निर्माण और विपणन का काम करती है।
भाषा अजय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
