कोच्चि, 16 सितंबर (भाषा) केरल के कुमारकोम में 18 और 19 सितंबर को आयुष क्षेत्र के लिए आईटी समाधान विषय पर एक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसको लेकर राज्य सरकार ने तैयारी पुरी कर ली है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री वीना जॉर्ज 18 सितंबर को सुबह साढ़े नौ बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यशाला का उद्घाटन करेंगी।
केरल सरकार-आयुष विभाग और राष्ट्रीय आयुष मिशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह कार्यक्रम कुमारकोम स्थित केटीडीसी (केरल पर्यटन विकास निगम लि.) वाटरस्केप में आयोजित किया जाएगा।
देश के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि इस कार्यशाला में भाग लेंगे। कार्यशाला में विभिन्न राज्यों के मंत्री, आयुष मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, आईटी समाधान विशेषज्ञ, डिजिटल स्वास्थ्य पहल और ई-गवर्नेंस मंच के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
केरल को आयुष क्षेत्र में डिजिटल सेवाओं के विकास के लिए पहले ही नोडल राज्य के रूप में चुना जा चुका है, क्योंकि राज्य ने डिजिटल समावेश में उल्लेखनीय प्रगति की है। इस कार्यशाला का उद्देश्य आयुष क्षेत्र में डिजिटल समाधानों को सुदृढ़ करना और एक व्यापक, केंद्रीकृत एवं अंतर-संचालनीय डिजिटल ढांचा विकसित करना है।
बयान में कहा गया कि नीति आयोग द्वारा आयोजित मुख्य सचिवों की बैठक में आयुष सेवाओं के वितरण को बेहतर बनाने के लिए विषय-विशिष्ट कार्यशालाओं की श्रृंखला आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। इसी संदर्भ में केरल ने आयुष क्षेत्र में आईटी समाधानों के लाभों पर एक प्रस्तुति दी थी, जिसके बाद आयुष मंत्रालय ने इस कार्यशाला के आयोजन का निर्देश दिया।
भाषा रमण योगेश
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
