नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक की अनुषंगी केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लि. को उसके प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए पूंजी बाजार नियामक सेबी की मंजूरी मिल गई है।
केनरा बैंक ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से 15 सितंबर के पत्र के माध्यम से अंतिम टिप्पणियों और अद्यतन विवरण पुस्तिका दाखिल करने के लिए सूचना प्राप्त हुई है।
इस पेशकश में 10 रुपये अंकित मूल्य के 23.75 करोड़ शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव शामिल है। इसमें केनरा बैंक के 13.77 करोड़ शेयर, एचएसबीसी इंश्योरेंस (एशिया-पैसिफिक) होल्डिंग्स के 47 लाख शेयर और पंजाब नेशनल बैंक के 9.5 करोड़ शेयर शामिल हैं।
केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, केनरा बैंक और एचएसबीसी इंश्योरेंस (एशिया-पैसिफिक) होल्डिंग्स और सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा प्रवर्तित उद्यम है। एचएसबीसी इंश्योरेंस (एशिया-पैसिफिक) होल्डिंग्स, हांगकांग एंड शंघाई बैंकिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचएसबीसी) समूह का सदस्य है।
यह प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) के मामले में 31 मार्च, 2024 की स्थिति के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र द्वारा प्रवर्तित जीवन बीमा कंपनियों में तीसरी बड़ी कंपनी थी।
वर्ष 2007 में गठित केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 113.3 करोड़ रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2021-22 में 10.2 करोड़ रुपये था।
भाषा रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
