scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशअर्थजगतकेआरबीएल के स्वतंत्र निदेशक के संचालन के मुद्दे पर इस्तीफे के बाद स्वतंत्र समीक्षा के आदेश

केआरबीएल के स्वतंत्र निदेशक के संचालन के मुद्दे पर इस्तीफे के बाद स्वतंत्र समीक्षा के आदेश

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) इंडिया गेट ब्रांड नाम से चावल बेचने वाली केआरबीएल लि. ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने स्वतंत्र निदेशक अनिल कुमार चौधरी के इस्तीफे के बाद एक स्वतंत्र समीक्षा का आदेश दिया है। चौधरी ने कंपनी संचालन व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चौधरी ने आठ सितंबर को दिये अपने इस्तीफे में कुछ टिप्पणियां की थीं। इस पर चर्चा के लिए सोमवार को स्वतंत्र निदेशकों और बोर्ड की अलग-अलग बैठकें बुलाई गईं।

चौधरी ने आठ सितंबर को तत्काल प्रभाव से पद छोड़ दिया और कहा कि वह अब निदेशक मंडल (बोर्ड) में सार्थक योगदान नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि कंपनी में ऐसी संस्कृति पनपी है जहां असहमति को दबाया या दरकिनार किया जाता है।’’

अपने त्यागपत्र में, स्वतंत्र निदेशक ने बोर्ड बैठक के विवरण में विसंगतियों, निदेशकों से जानकारी छिपाए जाने, निर्यात प्राप्तियों को अनुचित रूप से बट्टे खाते में डालने, सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व) कोष के दुरुपयोग, मनमाने वेतन निर्णय, बिना उचित चर्चा के कंपनी के उद्देश्यों में बड़े बदलाव सहित कई चिंताओं का विस्तार से जिक्र किया।

निदेशक मंडल ने आरोपों पर विचार करने के लिए सोमवार को आपात बैठकें बुलाईं।

केआरबीएल ने कहा कि वह 30 दिन के भीतर इन मुद्दों की समीक्षा के लिए एक तृतीय-पक्ष कंपनी को नियुक्त करेगी और बोर्ड समितियां निष्कर्षों के आधार पर सिफारिशें करेंगी।

केआरबीएल ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा, ‘‘हम पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कारोबार करना जारी रखेंगे और आगे कोई भी जानकारी आती है, उसके बारे में शेयर बाजारों को सूचित करते रहेंगे।’’

कंपनी ने कहा कि उसके पास अपने परिचालन आकार के अनुरूप व्यवस्थाएं और प्रक्रियाएं मौजूद हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वित्तीय प्रभाव या गैर-अनुपालन बोर्ड के सामने उजागर हों और आवश्यकतानुसार शेयर बाजारों को पूर्ण जानकारी दी जाए।

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments