नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) बाजार नियामक सेबी ने केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी और हीरो मोटर्स समेत छह कंपनियों को अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की मंजूरी दे दी है।
सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी पाने वाली कंपनियों में पाइन लैब्स, ओर्कला इंडिया, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस और एमवी फोटावोल्टिक पावर भी शामिल हैं।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की वेबसाइट पर उपलब्ध अद्यतन सूचना के मुताबिक, इन कंपनियों ने अप्रैल से जुलाई के बीच आईपीओ से संबंधित मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे।
इन कंपनियों को सेबी ने दो से 12 सितंबर के बीच नियामकीय ‘टिप्पणियां’ मिलीं। नियामकीय भाषा में टिप्पणी मिलने का अर्थ सार्वजनिक निर्गम लाने की मंजूरी है।
केनरा रोबेको एएमसी का 4.98 करोड़ इक्विटी शेयरों का आईपीओ पूरी तरह खुली बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसमें प्रवर्तक केनरा बैंक 2.59 करोड़ और ओरिक्स कॉरपोरेशन यूरोप एनवी 2.39 करोड़ शेयर बेचेंगी। इससे प्राप्त राशि प्रवर्तकों को जाएगी और कंपनी को कोई धनराशि नहीं मिलेगी।
हीरो मोटर्स आईपीओ के जरिये करीब 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें 800 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर और 400 करोड़ रुपये के शेयर ओएफएस के तहत बेचे जाएंगे।
एमवी फोटावोल्टिक पावर 3,000 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने की योजना बना रही है, जिसमें 2,143.86 करोड़ रुपये के नए शेयर और 856.14 करोड़ रुपये के ओएफएस शामिल हैं।
टेमासेक और पीक एक्सवी पार्टनर्स द्वारा समर्थित कंपनी पाइन लैब्स का आईपीओ 2,600 करोड़ रुपये के नए शेयर निर्गम एवं 14.78 करोड़ से अधिक शेयरों के ओएफएस का मेल होगा।
उधर, मणिपाल पेमेंट एंड आइडेंटिटी सॉल्यूशंस ने सेबी के पास गोपनीय रूप से मसौदा दस्तावेज दाखिल किए हैं। सूत्रों का कहना है कि कंपनी करीब 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
खाद्य ब्रांड एमटीआर एवं ईस्टर्न का संचालन करने वाली कंपनी ओर्कला इंडिया शुद्ध ओएफएस मार्ग से पूंजी जुटाएगी। इसके तहत प्रवर्तक और अन्य मौजूदा शेयरधारक 2.28 करोड़ शेयर बेचेंगे।
सभी छह कंपनियों के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
