हैदराबाद, 15 सितंबर (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) ने घाटे में चल रही हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना से बाहर निकलने की इच्छा जताई है।
कंपनी ने परिचालन और कुल घाटे का हवाला देते हुए एलएंडटी हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना में अपनी 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी एक नए विशेष प्रयोजन वाहन (एसपीवी) के माध्यम से राज्य या केंद्र सरकार को बेचने की पेशकश की है।
आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय (एमओएचयूए) को लिखे एक पत्र में, एलएंडटी मेट्रो रेल ने पिछले महीने यह भी कहा था कि तेलंगाना सरकार ने बार-बार याद दिलाने के बावजूद अपेक्षित वित्तीय सहायता नहीं दी है।
कंपनी ने कहा कि सहायता मिलने में देरी से वित्तीय दबाव बढ़ रहा है और स्थिति को संभालना मुश्किल हो रहा है।
पत्र में कहा गया, ”हम नए एसपीवी के माध्यम से तेलंगाना सरकार/ भारत सरकार द्वारा खरीद के लिए मौजूदा मेट्रो नेटवर्क में अपनी इक्विटी हिस्सेदारी की पेशकश करने के लिए तैयार हैं।”
कंपनी ने कहा कि उसे कई संरचनात्मक, वित्तीय और नियामक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते लागत और समय में भारी वृद्धि हुई।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
