scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअगस्त में यात्री वाहनों की थोक बिक्री नौ प्रतिशत घटी: सियाम

अगस्त में यात्री वाहनों की थोक बिक्री नौ प्रतिशत घटी: सियाम

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) कंपनियों से डीलरों को भेजे जाने वाले यात्री वाहनों की संख्या अगस्त में सालाना आधार पर नौ प्रतिशत घटकर 3,21,840 इकाई रह गई। कंपनियों ने कम बाजार मांग के अनुसार आपूर्ति में बदलाव किया।

वाहन उद्योग के निकाय सियाम ने यह जानकारी दी। यात्री वाहनों की थोक बिक्री अगस्त 2024 में 3,52,921 इकाई थी।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) ने सोमवार को एक बयान में कहा कि दोपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने सालाना आधार पर सात प्रतिशत बढ़कर 18,33,921 इकाई हो गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 17,11,662 इकाई थी।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने एक बयान में कहा कि यात्री वाहनों की बिक्री में गिरावट मुख्य रूप से विनिर्माताओं के आपूर्ति व्यवस्था में बदलाव करने के चलते हुई।

ग्राहकों ने जीएसटी दर में कटौती और वाहनों की कीमतों में कमी की उम्मीद में खरीदारी स्थगित कर दी। इस वजह से अगस्त में मांग में गिरावट आई।

स्कूटर की बिक्री अगस्त में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 6,83,397 इकाई हो गई। इस दौरान मोटरसाइकिल की बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 11,06,638 इकाई रही।

तिपहिया वाहनों की बिक्री अगस्त महीने में अब तक की सबसे अधिक 75,759 इकाई रही, जो पिछले साल अगस्त में 69,962 इकाई थी।

मेनन ने कहा कि वाहनों पर जीएसटी दरों को कम करने के सरकार के फैसले से आगामी त्योहारी सत्र में मांग बढ़ेगी।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments