scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया नौ पैसे चढ़कर 88.26 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया नौ पैसे चढ़कर 88.26 प्रति डॉलर पर बंद

Text Size:

मुंबई, 12 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में शुक्रवार को रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से उबरकर कारोबार के अंत में नौ पैसे की तेजी के साथ 88.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर सूचकांक में कमजोरी और घरेलू बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच रुपये में मजबूती आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू मुद्रा एक सीमित दायरे में रहते हुए अपने सर्वकालिक निचले स्तर के आसपास ही रही। भारत के निर्यात पर अमेरिकी शुल्क से जुड़े दबावों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से निवेशक धारणा प्रभावित हुई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 88.39 प्रति डॉलर के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान 88.42 के निचले स्तर तक गिर गया। हालांकि कारोबार के अंत में यह थोड़ा सुधरकर अपने पिछले बंद भाव से नौ पैसे की बढ़त के साथ 88.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

रुपया बृहस्पतिवार को 24 पैसे टूटकर 88.35 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था। इसने डॉलर के मुकाबले 88.49 के अब तक के सबसे निचले स्तर को भी छुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक (मुद्रा एवं जिंस) अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अमेरिकी डॉलर में समग्र कमजोरी और अगले हफ्ते होने वाली फेडरल रिजर्व समिति की बैठक में दर कटौती की बढ़ती संभावनाओं के चलते वैश्विक बाजारों में जोखिम उठाने की क्षमता बढ़ने से रुपया थोड़े सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा।’’

चौधरी ने कहा, ‘‘बाजार वर्ष 2025 में ब्याज दरों में कुल 0.75 प्रतिशत कटौती की उम्मीद कर रहे हैं। हालांकि विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी और भारत एवं अमेरिका के बीच व्यापार शुल्क के मुद्दों पर अनिश्चितता के कारण रुपये में तीव्र सुधार पर अंकुश लग सकता है।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर-रुपये का हाजिर भाव 88 से 88.50 के बीच रहने का अनुमान है।

इस बीच, छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.22 प्रतिशत बढ़कर 97.74 पर पहुंच गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.65 प्रतिशत बढ़कर 66.80 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 355.97 अंक उछलकर 81,904.70 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 108.50 अंक चढ़कर 25,114 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को कुल 129.58 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध लिवाली की।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments