नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि सरकार दुर्लभ मृदा चुम्बकों की आपूर्ति में हाल ही में आई बाधाओं को देखते हुए, इनके घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के राजकोषीय प्रोत्साहन तैयार कर रही है।
इस समय दुर्लभ मृदा चुम्बकों की आपूर्ति में चीन का प्रभुत्व है।
भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने यह भी कहा कि उद्योग को उसके पूंजीगत और परिचालन व्यय के लिए लक्षित सहायता देने के लिए एक योजना पर काम चल रहा है। इससे लागत अंतर को पाटने, प्रमुख उपकरणों पर उच्च शुल्क से राहत और बढ़ते वैश्विक प्रतिबंधों के बीच आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने ने वाहन उद्योग के निकाय एसीएमए के वार्षिक सत्र में एक वीडियो संदेश में कहा, ”मंत्रालय महत्वपूर्ण कच्चे माल की कमी का सक्रिय रूप से समाधान कर रहा है। यह स्वीकार करते हुए कि दुर्लभ मृदा चुम्बक ईवी मोटरों के लिए महत्वपूर्ण हैं और इस समय उनकी आपूर्ति पर चीन का प्रभुत्व है, हम घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राजकोषीय प्रोत्साहन देने जा रहे हैं।”
कुमारस्वामी ने कहा, ”हम एक ऐसी योजना पर काम कर रहे हैं, जिसका मकसद उद्योग की पूंजीगत और परिचालन व्यय संबंधी जरूरतों के लिए लक्षित सहायता देकर वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भारत की भागीदारी को सशक्त बनाना है।”
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
