scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशअर्थजगतव्यापार समझौते पर अमेरिका के साथ बातचीत सकारात्मक माहौल में जारीः गोयल

व्यापार समझौते पर अमेरिका के साथ बातचीत सकारात्मक माहौल में जारीः गोयल

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

पटना, 11 सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर बातचीत सकारात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है और दोनों देश अब तक हुई प्रगति से संतुष्ट हैं।

गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस वर्ष फरवरी में दोनों देशों के व्यापार मंत्रियों को इस समझौते के पहले चरण को नवंबर 2025 तक पूरा करने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, “व्यापार समझौते को लेकर चर्चा मार्च से ही गंभीरता के साथ चल रही है। यह प्रगति कर रही है और दोनों देश इससे संतुष्ट हैं।”

गोयल ने बुधवार को भी कहा था कि भारत अमेरिका के साथ व्यापार समझौते के लिए ‘सक्रिय वार्ता’ कर रहा है।

इससे पहले ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि दोनों देशों के बीच बातचीत सफल नतीजे तक पहुंचने में ‘कोई मुश्किल’ नहीं होगी और वह जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत करने को उत्सुक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्रंप की सकारात्मक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा था कि चल रही वार्ता दोनों देशों की साझेदारी की असीम संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगी।

दोनों देशों के बीच मार्च से अब तक पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, जबकि छठा दौर अमेरिकी टीम की यात्रा स्थगित होने के कारण टल गया।

ट्रप प्रशासन की तरफ से भारत पर 50 प्रतिशत सीमा शुल्क लगा देने से हालात थोड़े असहज हो गए हैं। भारत ने इन शुल्कों को अनुचित और अन्यायपूर्ण बताया है।

व्यापार समझौते का उद्देश्य वर्ष 2030 तक दोनों देशों के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं के व्यापार को मौजूदा 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

अमेरिका भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार 131.8 अरब डॉलर रहा था। अमेरिका 76.26 अरब डॉलर के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के साथ भारत का तीसरा सबसे बड़ा निवेशक भी है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments