कोलकाता, 11 सितंबर (भाषा) जियोब्लैकरॉक म्यूचुअल फंड ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपना पहला सक्रिय इक्विटी उत्पाद 23 सितंबर को पेश करेगी। इसे कंपनी के ‘सिस्टमेटिक एक्टिव इक्विटी’ (एसएई) मंच पर जारी किया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि ‘जियोब्लैकरॉक फ्लेक्सीकैप फंड’ उसका पहला एक्टिव इक्विटी फंड है जबकि इस वित्त वर्ष में तीन-चार अन्य सक्रिय इक्विटी फंड भी जारी किए जा सकते हैं।
कंपनी के ईटीएफ समेत अन्य निवेश उत्पाद बाद में पेश किए जाएंगे।
जियोब्लैकरॉक एएमसी के मुख्य निवेश अधिकारी ऋषि कोहली ने कहा कि पहला फंड एसएई मंच पर आधारित होगा जो ब्लैकरॉक का वैश्विक स्तर पर आजमाया हुआ ढांचा है। इसमें 95 प्रतिशत निवेश प्रक्रिया प्रौद्योगिकी पर आधारित होगी जिससे व्यक्तिगत जोखिम एवं धारणात्मक आग्रह कम होगा।
कोहली ने कहा, ‘‘हमें लगता है कि अनिश्चित बाजार माहौल में ऐसा उत्पाद पेश करना उपयुक्त है जो अन्य सक्रिय फंडों की तुलना में कम जोखिम रखता हो और लंबे समय में आकर्षक रिटर्न देने की क्षमता भी रखता हो।’’
रिलायंस की वित्तीय कंपनी जियो फाइनेंशियल्स और दुनिया की सबसे बड़ी संपत्ति प्रबंधन कंपनी ब्लैकरॉक के बीच गठजोड़ से बनी जियोब्लैकरॉक को मई में लाइसेंस मिला था।
हालांकि कंपनी ने अपने पहले फंड से जुटाई जाने वाली राशि के लक्ष्य के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की।
भाषा प्रेम प्रेम रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
