चंडीगढ़, 10 सितंबर (भाषा) रिलायंस पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ के मद्देनजर राज्य में पोषण, रहने की सुविधा, सार्वजनिक स्वास्थ्य और पशुधन के स्तर पर दस सूत्री सहायता कार्यक्रम चला रही है। कंपनी ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
कंपनी राज्य प्रशासन, पंचायतों और स्थानीय स्वंयसेवी संगठनों के साथ मिलकर विशेष रूप से अमृतसर जिले और कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी के सबसे अधिक प्रभावित गांवों में तत्काल राहत पहुंचाने में जुटी है।
पंजाब इस समय दशकों की सबसे भीषण बाढ़ आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। पंजाब में विनाशकारी बाढ़ में मरने वालों की संख्या 52 हो गई है, जबकि 1.91 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. के निदेशक अनंत अंबानी ने कहा, ‘‘इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदनाएं पंजाब के लोगों के साथ हैं। बहुत से परिवारों ने अपने घर और कारोबार खो दिए हैं। पूरा रिलायंस परिवार आज पजांब के साथ खड़ा है। लोगों के साथ मवेशियो के लिए भोजन, पानी और आश्रय का इंतजाम किया जा रहा है। हम राहत की दस-सूत्रीय योजना पर काम कर रहे हैं और इस कठिन समय में हर कदम पंजाब के साथ हैं।’’
कंपनी के बयान के अनुसार, दस सूत्री प्रतिक्रिया में महत्वपूर्ण पोषण के लिए पोषण सहायता, 10,000 सबसे अधिक प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक खाद्य आपूर्ति के साथ राशन किट शामिल हैं।
कंपनी ने बयान में बताया कि वनतारा की 50 से अधिक सदस्यों वाली विशेषज्ञ टीम, आधुनिक बचाव उपकरणों और विशेषज्ञों के साथ, बचाए गए पशुओं के उपचार, मृत पशुओं के सम्मानजनक वैज्ञानिक दाह संस्कार सुनिश्चित करने और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय में संभावित बीमारियों के प्रकोप को रोकने के प्रयासों में सहयोग कर रही है।
जियो की पंजाब-टीम ने एनडीआरएफ टीमों के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नेटवर्क बहाल करने में मुस्तैदी के साथ जुटी है। रिलायंस रिटेल भी 21 आवश्यक वस्तुओं का राशन किट और स्वच्छता किट भेज रही है।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
