scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशअर्थजगतसोना 250 रुपये बढ़कर 1.13 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर, चांदी फिसली

सोना 250 रुपये बढ़कर 1.13 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर, चांदी फिसली

Text Size:

(ग्राफिक्स के साथ)

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत बुधवार 250 रुपये बढ़कर 1,13,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों की मजबूत खरीदारी, कमजोर डॉलर और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच सोना मजबूत हुआ है।

हालांकि चांदी 300 रुपये टूटकर रिकॉर्ड स्तर से से नीचे आ गई।

इस साल अब तक, सोने की कीमत में 34,050 रुपये या 43.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 31 दिसंबर, 2024 को इसकी कीमत 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो अब बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को सोना 5,080 रुपये की तेजी के साथ 1,12,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

बुधवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 250 रुपये बढ़कर 1,12,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई।

सोना अभी भी अपनी रिकॉर्ड ऊंचाइयों के करीब कारोबार कर रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि अमेरिकी डॉलर का सूचकांक कमजोर होकर सात हफ्तों के निचले स्तर पर आ गया है और साथ ही आने वाले महीनों में ब्याज दरों में बड़ी कटौती की उम्मीदें भी बढ़ रही हैं।

अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने कहा,‘‘सोना अभी भी रिकॉर्ड उच्चतम स्तर के पास कारोबार कर रहा है। इसे अमेरिकी डॉलर सूचकांक में कमजोरी से समर्थन मिल रहा है, जो सात हफ्तों के निचले स्तर पर गिर चुका है और आने वाले महीनों में दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदों से भी इसे समर्थन मिल रहा है।’’

सर्राफा संघ ने कहा, ‘‘ चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से से नीचे आ गईं, और बुधवार को 300 रुपये टूटकर 1,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गईं। पिछले सत्र में, चांदी 1,28,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 0.85 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3,657.09 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर रहा था। यह पीली धातु मंगलवार को 3,674.75 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के एक नए शिखर पर पहुंच गई थी।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments