नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) के पूर्व चेयरमैन इंजेती श्रीनिवास को मंगलवार को अपना चेयरमैन नियुक्त किया।
एनएसई में दो साल से कोई चेयरमैन नहीं था। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब शेयर बाजार अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की तैयारी कर रहा है।
ओडिशा कैडर के 1983 बैच के आईएएस अधिकारी, श्रीनिवास पिछले सप्ताह एनएसई के बोर्ड में जनहित निदेशक के रूप में शामिल हुए।
एक बयान में, एनएसई के बोर्ड और प्रबंधन ने एनएसई के संचालन बोर्ड के चेयरपर्सन के रूप में श्रीनिवास का स्वागत किया।
उन्होंने पूर्व में कॉरपोरेट मामलों के सचिव के रूप में कार्य किया है और वह आईएफएससीए के संस्थापक चेयरपर्सन थे। वहां उन्होंने संस्थागत सुधारों, संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रणालीगत नीति नवाचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
श्रीनिवास के पास कॉरपोरेट और वित्तीय विनियमन, औद्योगिक संवर्धन, कॉरपोरेट और दिवाला कानून, प्रतिस्पर्धा कानून, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, लागत लेखा, कंपनी सचिव कानून, सार्वजनिक नीति और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में चार दशकों से अधिक का अनुभव है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
